Breaking

Friday, October 23, 2026

त्योहार का बजट कैसे बनाएं: Google Sheet में खुद बनाओ, 5 मिनट में

दिवाली के बाद सबसे आम बात जो हमें सुनने को मिलती है कि "पता ही नहीं चला पैसा कहां गया।"

ऐसा इसलिए होता है क्योंकि त्योहार के खर्च बहुत छोटे-छोटे हिस्सों में होते हैं। मिठाई, दीये, सजावट, कपड़े, गिफ्ट, पटाखे, मेहमानों का खाना। हर एक खर्च देखने में तो छोटा लगता है, पर जब हम सब को जोड़ते हैं तो रकम बड़ी बन जाती है।

इसका एक आसान इलाज है, त्योहारों का पहले से ही एक साधारण बजट बना लेना। आज मैं बताता हूं festival budget kaise banaye, और आखिर में एक टेम्पलेट भी देता हूं जो आप 5 मिनट में अपनी Google Sheet में बना सकते हो।

बजट बनाने के 4 आसान कदम

कदम 1: पिछले साल का अंदाज़ा लगाओ

याद करो कि पिछली दिवाली पर कुल कितना खर्च हुआ था। पक्का आंकड़ा न मिले तो अपने क्रेडिट कार्ड, UPI और बैंक स्टेटमेंट में अक्टूबर-नवंबर का खर्च देख लो। इससे आपको असली तस्वीर मिलेगी, अंदाज़ा नहीं।

कदम 2: कुल बजट तय करो

अब सोचो कि इस बार आप कितना खर्च कर सकते हो। एक आसान तरीका है कि आपकी एक महीने की कमाई या बोनस का एक तय हिस्सा। मान लो आप बोनस का 30% त्योहार पर लगाना चाहते हो, तो वही आपकी सीमा है।

कदम 3: खर्चों को श्रेणियों में बांटो

सभी खर्च एक ही सूची में मत डालो। श्रेणी बनाओ:

1.खाना और मिठाई
2.कपड़े और जूते
3.सजावट और पूजा का सामान
4.गिफ्ट और बांटने की चीज़ें
5.घूमना, यात्रा, मेहमान
6.घर की चीज़ें, जैसे सामान या रंगाई-पुताई
7.पटाखे और बाकी मौज-मस्ती
8.बचा हुआ या आपातकाल के लिए

आखिरी वाली श्रेणी बहुत ज़रूरी है। त्योहार पर अचानक कुछ न कुछ निकल आता है। कुल बजट का 5% से 10% इसके लिए अलग रखो।

कदम 4: हर श्रेणी का हिस्सा तय करो

उदाहरण के लिए, ₹30,000 का बजट हो तो:

🔺खाना और मिठाई: 15% (₹4,500)
🔺कपड़े: 25% (₹7,500)
🔺सजावट और पूजा: 10% (₹3,000)
🔺गिफ्ट: 20% (₹6,000)
🔺मेहमान/घूमना: 10% (₹3,000)
🔺घर का सामान: 10% (₹3,000)
🔺पटाखे/मौज: 5% (₹1,500)
🔺आपातकाल: 5% (₹1,500)
🔺कुल: 100% (₹30,000)

आप अपने परिवार के हिसाब से प्रतिशत बदल सकते हो। किसी के घर में कपड़ों पर ज़्यादा लगता है, किसी के घर में गिफ्ट पर।

Google Sheet में टेम्पलेट कैसे बनाएं

यह काम सिर्फ 5 मिनट का है।

1.नई Google Sheet खोलो
2.पहली लाइन में ये चार कॉलम लिखो: श्रेणी | तय बजट | असली खर्च | बचा हुआ
3.नीचे अपनी श्रेणियां लिख दो
4."तय बजट" में हर श्रेणी की रकम भरो
5."असली खर्च" वाले कॉलम में जैसे-जैसे खरीदारी होती जाए, रकम लिखते जाओ
6."बचा हुआ" वाले कॉलम में सूत्र डालो: =B2-C2 (अगर तय बजट B में और असली खर्च C में है) और इसे नीचे तक खींच दो
7.सबसे नीचे कुल जोड़ने के लिए =SUM(B2:B9) वगैरह लगा दो

अब जब भी कुछ खरीदो, असली खर्च में लिख दो। अगर "बचा हुआ" वाला नंबर लाल या शून्य के करीब आए, तो समझ लो कि उस श्रेणी में अब रुकना है।

बजट पर टिके रहने के 5 तरीके


1.लिखकर रखो- दिमाग में रखा बजट कभी काम नहीं करता
2.परिवार को शामिल करो- अगर बजट सिर्फ आपको पता है, तो बाकी लोग अपनी मर्ज़ी से खर्च करेंगे। सबको बता दो
3.कैश के लिफाफे- हर श्रेणी का कैश अलग लिफाफे में रखो। लिफाफा खाली तो खर्च बंद
4.हफ्ते में एक बार देखो- रविवार को 5 मिनट बैठकर Sheet भर लो
5.ऑफर से पहले बजट से पूछो- "सस्ता है" का मतलब "बजट में है" नहीं होता

बजट बनाने के बाद क्या

दिवाली के बाद Sheet को देखो। कहां ज़्यादा खर्च हुआ, कहां कम। यह जानकारी अगले साल के काम आएगी, और आप धीरे-धीरे समझ जाओगे कि आपके परिवार के लिए त्योहार का असली खर्च कितना बनता है।

और अगर इस बार थोड़ा पैसा बच जाए, तो उसे सीधे बचत या SIP में डाल दो, नए साल की शुरुआत ऐसे ही अच्छी होगी।

यह भी पढ़ें- Kam Salary Me Ghar Kaise Chalaye

आपके घर का दिवाली बजट आम तौर पर कितना होता है? आप चाहें तो अपनी Google Sheet बनाने का तरीका कमेंट में बता सकते हैं, ताकि बाकी पाठकों को भी सीखने का अवसर मिले।

Disclaimer: ऊपर दिए प्रतिशत और रकम सिर्फ उदाहरण हैं। अपनी आमदनी, परिवार और ज़रूरत के हिसाब से इन्हें बदलें। यह वित्तीय सलाह नहीं है।

No comments:

Post a Comment